राष्ट्रीय जनता दल ने तेजस्वी यादव को चुना अपना सीएम कैंडिडेट

राष्ट्रीय जनता दल बिहार का विधानसभा चुनाव तेजस्वी यादव के नेतृत्व में लड़ेगी। वह ही पार्टी के सीएम कैंडिडेट होंगे। यह निर्णय मंगलवार को पटना के बापू सभागार में आयोजित राजद के राष्ट्रीय अधिवेशन में लिया गया। चारा घोटाला मामले में रांची के होटवार जेल में बंद लालू प्रसाद यादव जेल से ही लालटेन की लौ जलाएंगे। वह 11वीं बार राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए। 5 जुलाई 1997 को राजद की स्थापना हुई थी। तब से लेकर आज तक पार्टी की कमान लालू यादव के हाथ में ही है।

कार्यक्रम में तेजस्वी, तेजप्रताप, रघुवंश प्रसाद सिंह, रामचंद्र पूर्वे, शरद यादव, शिवानंद तिवारी, अब्दुल बारी सिद्दीकी समेत पार्टी के सभी बड़े नेता मौजूद थे।

अधिवेशन को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने कहा कि पार्टी नेताओं ने एक बार फिर लालू प्रसाद यादव पर भरोसा जताया है। लालू प्रसाद के नेतृत्व में हम लोग पार्टी को आगे बढ़ाएंगे। पार्टी के कार्यकर्ता और बिहार की जनता लालूजी को बहुत चाहती है। इसके बाद तेजस्वी करीब आधे घंटे तक विरोधियों पर जमकर बरसे।नागरिकता संशोधन बिल को लेकर उन्होंने भाजपा और नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *