दरोगा भर्ती परीक्षा देने के लिए निकलना होगा एक दिन पहले…
बिहार में दारोगा अभ्यर्थियों 22 दिसंबर की परीक्षा के लिए एक दिन पहले ही निकलना बेहतर होगा। कारण राजद और अन्य विपक्ष्री दलों ने कैब और एनआरसी के विरोध में 21 दिसंबर को बिहार बंद का आह्वान किया है। इससे पहले 19 दिसंबर को छात्रा संगठनों ने महिला सुरक्षा की मांग करते हुए बंद का आह्वान किया है। ऐसे में 20 दिसंबर के बाद 22 दिसंबर को ही यातायात सामान्य रहने की संभावना है। परीक्षा में एक घंटे पहले आने का निर्देश दिया गया है।
परीक्षा दो पालियों में होनी है। पहली पाली की परीक्षा दस बजे से और दूसरी की दो बजे से होनी है। इसमें पांच लाख 90 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस बार सभी को होम सेंटर दिया गया है। विशेषज्ञों की सलाह है कि एक दिन पहले ही परीक्षार्थियों को अपने होम सेंटर पर चले जाना चाहिए। बंद समर्थकों ने सड़क जाम किया तो वे परीक्षा केंद्र पर देरी से पहुंच पाएंगे या उन्हें इस बात की टेंशन बनी रहेगी।
इस परीक्षा पर विशेष नजर रखी जाएगी। परीक्षा में किसी तरह की धांधली नहीं हो, इसका विशेष निर्देश भेजा गया है। केन्द्राधीक्षक से लेकर मजिस्ट्रेट और तमाम जिलों के एसएसपी को निर्देश भेजा जा चुका है। परीक्षा में किसी तरह पेपर वायरल नहीं हो, इस पर भी प्रशासन की विशेष नजर होगी। इस तरह की अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। सभी परीक्षा केन्द्रों पर जैमर लगाने की तैयारी चल रही है। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के मीडिया प्रभारी सह एडीशनल एसपी अशोक कुमार ने बताया कि राज्यभर में 500 केन्द्रों पर परीक्षा होगी। राजधानी में ज्यादा परीक्षा केन्द्र बने हैं। इस परीक्षा के लिए छात्र अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

