विवाहिता की हत्या के पीछे पूर्व डीएसपी का हाथ…

पटना में एक विवाहिता की हत्या की गुत्‍थी सुलझाते हुए अब पुलिस सकते में आ गई है. इस हत्या का आरोप पूर्व डीएसपी और उनकी एक महिला मित्र पर लग रहा है. मृतका की पहचान मीना देवी के तौर पर हुई है. जानकारी के अनुसार, उसकी हत्या के पीछे सेवानिवृत्त डीएसपी उतिम सिंह और उनकी मित्र गिरिजा देवी का हाथ है. हत्या का मामला सामने आने के बाद से ही उतिम सिंह फरार हैं और पुलिस ने गिरिजा देवी व उसके पति रामाकांत प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं उतिम सिंह, गिरिजा देवी और रामाकांत प्रसाद पर मामला दर्ज कर लिया गया है.

जानकारी के अनुसार, मीना देवी 10 दिसंबर को लापता हो गईं थीं. इसके बाद परिजन उतिम सिंह के पास भी गए थे लेकिन उसने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया था. इसके बाद परिजन ने पत्रकार नगर थाने में पूर्व डीएसपी, उसकी मित्र गिरजा देवी और उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था. पुलिस ने बाद में मामले की जांच की और मामले का खुलासा हुआ.

आरोपी गिरिजा ने बताया कि मीना देवी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई थी और फिर बाद में उसके शव को उतिम व उसके भाई ने गंडक नदी में फेंक दिया. इसके बाद से ही उतिम सिंह फरार हो गया और अभी तक पुलिस की पहुंच से बाहर है. हालांकि अभी तक हत्या के कारणों का सही पता नहीं चल सका है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *