रविशंकर प्रसाद ने पटना जंक्शन पर उद्धघाटन किया देश के बड़े वेटिंग रूम का
पटना रेलवे जंक्शन को देश के सबसे बड़े प्रतीक्षालय (Waiting Room) की सौगात मिली है। इस वेटिंग रूम में एक साथ 500 यात्री इंतजार कर सकेंगे। शनिवार की देर शाम पटना जंक्शन पर यात्रियों को एक साथ कई नई सुविधाओं की सौगात दी गई। इन सुविधाओं का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने किया।
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने 500 सीटों वाले देश के सबसे बड़े यात्री प्रतीक्षालय का उद्घाटन किया, वहीं जंक्शन पर एस्कलेटर, फ्री वाई-फाई, करबिगहिया स्थित नए भवन में रिजर्वेशन कार्यालय के साथ ही हमसफर एप को भी लांच किया। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भी डीआरएम रंजन प्रकाश ठाकुर को बधाई देते हुए कहा कि रेलवे का निरंतर विकास हो रहा है और पूरे दानापुर मंडल का कायाकल्प हो गया है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि रेलवे में आनेवाले 5 वर्षों में 50 लाख करोड़ रूपये खर्च किए जाएंगे।

बिहार सरकार के मंत्री नंदकिशोर यादव ने भी रेल मंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि कितने रेलमंत्री आए और चले गए, लेकिन मोदी जी के कार्यकाल में रेल ने जनता का सपना साकार किया। उन्होंने साफ कहा कि राज्य सरकार रेलवे को जमीन देने से पीछे नहीं हट रही, तभी तो हार्डिंग पार्क के पास की जमीन को रेलवे को देने की घोषणा कर दी है।

