सहकारी समिति के संचालक ने लोगों से ठगा करोड़ों रुपए….
सहकारी समिति का गठन कर संचालक द्वारा करोड़ों रुपये की ठगी करने की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है। पता लगा कि आरोपित संचालक जवाहर साह ने राज्य के 32 जिलों में समिति की शाखाएं खोल रखी है। रुपये दोगुना करने का झांसा देकर निवेशकों को चूना लगाने का काम करता है।
जांच में पता लगा कि मुजफ्फरपुर के अलावा हाजीपुर, झंझारपुर, मोतिहारी, सीतामढ़ी, दरभंगा, बक्सर और सारण समेत अन्य जगहों पर आरोपित के कार्यालय हैं। इन कार्यालयों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए जांचकर्ता शीघ्र संबंधित थानों के पुलिस अधिकारी से संपर्क साधने की कवायद में जुट गए हैं।
बता दें कि सदस्यों से लगातार शिकायत मिलने पर जिला सहकारिता पदाधिकारी द्वारा इसकी जांच कराई गई थी। मामला सत्य पाए जाने पर सहकारिता प्रसार पदाधिकारी मजीद अंसारी ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोपित का मोबाइल भी बंद मिल रहा है।
महुआ संयुक्त दायित्व समूह विकास सहकारी समिति लिमिटेड का संचालक जवाहर साह ने सदस्यों पैसे दोगुना होने का प्रलोभन दिया। आरोपित ने समिति की शाखाएं खोलकर अभिकर्ता और कर्मचारियों के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सदस्यों से राशि जमा कराई। जब राशि की परिपक्वता अवधि के बाद भुगतान देने की बारी आई तो वह इंकार करने लगा। इसके बाद इसकी शिकायत सदस्यों द्वारा लगातार सहकारिता प्रसार पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों को मिलने लगी।

