प्रतिमा विसर्जन के दौरान छात्रों के बीच हुई भिरंत…
बिहार के मुजफ्फरपुर में बीआरए बिहार विश्वविद्यालय परिसर में शुक्रवार की शाम प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान बवाल हो गया। विवि के दो हॉस्टल के छात्रों के बीच हिंसक झड़प व फायरिंग से घंटों दहशत फैली रही। पीजी हॉस्टल वन व थ्री के छात्रों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। जुलूस में शामिल गाड़ियों के शीशे फोड़ दिए। इसमें दोनों ओर से कुछ छात्र घायल हो गए।
स्थिति अनियंत्रित होने के बाद कई थानों की पुलिस कैंपस में पहुंची और पुलिस ने खदेड़-खदेड़कर उपद्रव कर रहे छात्रों पर लाठियां भांजी। इस दौरान एक छात्र को आर्म्स के साथ गिरफ्तार भी किया। एसएसपी जयंतकांत, सिटी एसपी, डीएसपी, एसडीओ सहित तमाम आला अधिकारी पहुंचे और दोनों हॉस्टलों में छापेमारी की। हालांकि, तबतक छात्र हॉस्टल से निकल गए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम साढ़े चार बजे विसर्जन के लिए दोनों हॉस्टल के छात्र निकले थे। होमलेस चौक से दामुचक के बीच दोनों हॉस्टल के छात्रों के बीच विवाद शुरू हुआ। भिड़ंत होने पर लाठी-डंडे से एक दूसरे पर टूट पड़े। रोड़ेबाजी भी शुरू हो गई। आसपास के लोग डर से अपने घरों में दुबक गए। सूचना पर शहर के कई थानों की पुलिस पहुंची। स्थिति काबू में करने के लिए लाठियां चलाई। इस दौरान विसर्जन के लिए ले जाई जा रही प्रतिमा छोड़कर छात्र वहां से भागे। इसके बाद पुलिस ने कुछ छात्रों को बुलाकर अपनी निगरानी में प्रतिमा का विसर्जन कराया। शाम करीब छह बजे तक बवाल चला।

